Sunday, 8 October 2017

भारत सऊदी तेल, एलपीजी का सबसे बड़ा बाजार

     गुरूग्राम। केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने गुरूग्राम में सउदी आर्मको के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अमीन एच.एएल-नसीर के साथ संयुक्त रूप से सऊदी अरमको के आर्मको एशिया इंडिया कार्यालय का उद्घाटन किया। यह कार्यालय टू होरिज़न टॉवर गुरूग्राम में स्थित है। 

   सऊदी आर्मको ने अपनी सहायक आर्मको एशिया इंडिया के द्वारा वर्ष 2016 में भारत में अपने औपचारिक व्यापार की शुरूआत की थी। एएआई अब औपचारिक रूप से कच्चे तेल और एलपीजी व्यापार, अभियांत्रिकी एवं तकनीकी सेवाओं और अन्य व्यापार विकास उद्योगिता के साथ जुड़ेगा। 
   इस अवसर पर धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि भारत सऊदी तेल और एलपीजी का सबसे बड़ा बाजार है। उन्होंने कहा भारत में सऊदी आर्मको कार्यालय का उद्घाटन करते हुए उन्हे बेहत खुशी महसूस हो रही है। 
   यह हाइड्रोकार्बन क्षेत्र में द्वि-पक्षीय खरीदार-आपूर्तिकर्ता संबंधो की सामरिक साझेदारी को मजबूती प्रदान करने में मदद करेगा। एआरएमएमओ इंडिया ने निकट भविष्य में इंजीनियरिंग सेवाओं, आईटी आपरेशन और सुरक्षा और आर एंड डी सेंटर सहित हाइड्रोकार्बन सेक्टर सेवाओं के कार्यों को शुरू करने के लिए अपने ऑपरेशन का विस्तार करने की योजना बनाई है। 
   सऊदी आर्मको भारतीय कंपनियों के साथ भागीदारी करने का इरादा रखता है। भारत में मेक इन इंडिया गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भारत में हाइड्रोकार्बन मूल्य श्रृंखला में एकीकृत व्यवसाय उद्यम स्थापित करना चाहता है।
   सऊदी अरब इराक के बाद भारत के लिए कच्चे तेल का दूसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है। देश में 19 प्रतिशत कच्चा तेल और 29 प्रतिशत एलपीजी आयात सऊदी अरब से होता है। वर्ष 2016-17 के दौरान भारत ने सऊदी अरब से 39.5 एमएमटी कच्चे तेल का आयात किया।

Friday, 6 October 2017

भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच विज्ञान एवं तकनीकी सहयोग के 20 वर्ष

     दक्षिण अफ्रीका। केन्‍द्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्‍वी विज्ञान और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की अगुवाई में भारतीय प्रतिनिधिमंडल दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर है। 

   भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विज्ञान एवं तकनीकी सहयोग के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित समारोह में यह प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के दक्षिण अफ्रीका दौरे का उद्देश्‍य दोनों देशों के बीच विज्ञान संबंधी सहयोग को और सुदृढ़ करना तथा अंतरिक्ष शोध से लेकर जैव-प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग के अवसर तलाशना है।
   प्रतिनिधिमंडल इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के वैज्ञानिकों के साथ बातचीत करेगा। बैठक के दौरान ये वैज्ञानिक भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ विभिन्‍न विषयों पर अपने गहन अनुभवों एवं अंतर्दृष्टि को साझा करेंगे। मंत्री ने स्क्वायर किलोमीटर एरे (एसकेए) का दौरा किया, जो एक विशाल मल्‍टी रेडियो टेलीस्‍कोप परियोजना है। 
      जिसका विकास ऑस्‍ट्रेलिया, न्‍यूजीलैंड तथा दक्षिण अफ्रीका में हो रहा है। इसमें रेडियो खगोल विज्ञान का उपयोग किया जा रहा है और इसके तहत न्‍यूनतम 3000 किलोमीटर की दूरी पर रिसीविंग स्‍टेशन स्‍थापित किये जा रहे हैं। इस परियोजना से खगोल भौतिकी के सबसे दिलचस्प वैज्ञानिक रहस्‍यों का पता लग पाएगा। 
       इसमें प्रारंभिक ब्रह्मांड की विशेषताओं से लेकर बुद्धिमान परग्रही जीवन की तलाश करने जैसे रहस्‍य इसमें शामिल हैं। ‘एसकेए’ एक वैश्विक परियोजना है, जिससे 12 सदस्‍य देश जुड़े हुए हैं। 
   भारत भी एक सदस्‍य देश है। भारत स्थित राष्‍ट्रीय रेडियो खगोल भौतिकी केन्‍द्र इसमें हितधारक है, जो भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग से सम्‍बद्ध है।
      भारत ‘एसकेए’ के अनेक डिजाइन कार्य संबंधी पैकेजों में संलग्‍न है, जिसमें केन्‍द्रीय सिग्‍नल प्रोसेसिंग और टेलीस्‍कोप मैनेजर सिस्‍टम प्रमुख है। यह एसकेए वेधशाला के कामकाज के अंतर्गत तंत्रिका केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

Thursday, 5 October 2017

इथोपिया में भारतीय समुदाय की देखभाल के लिए सरकार प्रतिबद्ध

    इथोपिया। भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इथोपिया में भारत के राजदूत अनुराग श्रीवास्तव द्वारा आयोजित भारतीय समुदाय स्वागत समारोह को संबोधित किया।

  राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि इथोपिया में भारतीय समुदाय भारत-इथोपिया संबंधों का केंद्र बिन्दु रहा है। इन्होंने अध्यापक एवं शिक्षाविद् के तौर पर मेजबान देश के राष्ट्रीय निर्माण में सहयोग दिया है। उद्यमी के तौर पर आर्थिक सुअवसरों को उत्पन्न किया है और स्थानीय लोगों को कौशल प्रदान किया है। तकनीकी विशेषज्ञ एवं कर्मचारी के तौर पर इथोपिया के उद्योग की महत्ता को बढ़ावा दिया है।
     भारतीय समुदाय ने इथोपिया के समाज में अपने लिए सम्मान कड़ी मेहनत और समर्पण से प्राप्त किया है। भारतीय समुदाय ने भारतीय मूल्यों, पारिवारिक परम्परा और नैतिक कार्यों को संभाल कर रखा है एवं आगे बढ़ाया है। 
        राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि इथोपिया भी भारत की तरह विविधताओं से भरा देश है और विभिन्न भाषाओं और पाक कलाओं, संगीत, नृत्य एवं नाटय कलाओं की भूमि है। भारतीय समुदाय को स्थानीय ग्रहणशील संस्कृति का लाभ लेना चाहिए और अपनी संस्कृति को साझा एवं इसका प्रदर्शन करना चाहिए। 
    राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और इथोपिया दोनों के पास विशाल युवा जनसंख्या है। युवा भविष्य हैं और नये विचारों का आयुर्भाव उन्हीं पर निर्भर करता है। उन्होंने भारतीय समुदाय को इथोपिया के युवाओं से जुड़ने के लिए विशेष प्रयास करने की सलाह दी। 
     उन्होंने कहा कि बेहतर विश्व निर्माण के लिए, चाहे वह जलवायु परिवर्तन से निपटने या लोगों को कौशल प्रदान करने में, उनके विचार समाधान का काम करेंगे। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार प्रवासी समुदाय के साथ दीर्घकालिक एवं सक्रिय संपर्क जारी रखना चाहती है। इस संपर्क का मुख्य उद्देश्य भारत में हो रहे परिवर्तनकारी बदलाव के साथ, समुदाय के साथ परिचित होना भी है। 
      प्रवासियों के साथ संवाद भी संभावनाओं को आकार देना और मंच प्रदान करने के उद्देश्य से है, जिससे यह भारत की प्रगति और विकास में प्रतिभागिता कर सकें। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार विदेशी भारतीय समुदाय के हितों का ध्यान रखती है और इनके साथ खड़े रहने का दायित्व को निभाती है। 
     उन्होंने वर्ष 2015 में यमन में ऑपरेशन राहत के दौरान भारतीय नागरिकों को यमन और लीबिया से सुरक्षित निकालने और हाल ही में संयुक्त राज्य अमरीका के कुछ हिस्सों में बाढ़ के दौरान परिवारों को सहायता के प्रयासों का उल्लेख किया। 
    अदीस अबाबा में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय इथोपियन समुदाय के लगभग 500 सदस्यों ने भाग लिया। भारतीय समुदाय इस पूरे देश में फैला हुआ है और इनकी संख्या लगभग 5000 है। राष्ट्रपति कोविंद का इथोपिया दौरा आज भी जारी रहेगा।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जिबूती पहुंचने पर स्वागत

    अफ्रीका। भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का उनके अफ्रीका के दौरे के दूसरे दिन जिबूती के राष्ट्रपति पैलेस में औपचारिक स्वागत किया गया।

    उन्होंने जिबूती गणराज्य के राष्ट्रपति इस्माइल उमर गुलेह के साथ सलामी गारद का निरीक्षण किया। राष्ट्रपति की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत का आयोजन भी किया गया। 
      दोनों राष्ट्रपतियों की उपस्थिति में विदेशी कार्यालय स्तर पर भारत और जिबूती के बीच नियमित राजनीतिक सलाह स्थापित करने के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। 
     जिबूती का दौरा करने वाले प्रथम भारतीय राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बातचीत के दौरान परिस्थितियों और विषयों जैसे आतंकवाद, नवीकरणीय ऊर्जा और विशेषतः अंतर्राष्ट्रीय सौर संधि की सदस्यता के लिए जिबूती का सहयोग, भारतीय महाद्वीप क्षेत्र में समुद्री सहयोग और जिबूती के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए भारत द्वारा सहयोग निर्माण क्षमता और तकनीकी का विशेष उल्लेख किया। 
     राष्ट्रपति कोविंद ने भारत द्वारा 2015 में संघर्षरत यमन में वहां के नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए ऑपरेशन राहत के दौरान जिबूती के सहयोग के लिए राष्ट्रपति गुलेह का विशेष तौर पर धन्यवाद किया। इसके बाद राष्ट्रपति कोविंद ने जिबूती गणराज्य के राष्ट्रपति की मेजबानी में दोपहर के राजभोज में हिस्सा लिया। 
      इसके बाद, दो देशों के अफ्रीका दौरे के दूसरे चरण में राष्ट्रपति कोविंद इथोपिया की राजधानी अदीस अबाबा के लिए रवाना हुए। अदीस अबाबा में बोले अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इथोपिया संघीय लोकतांत्रिक गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. मुलातू तिशोम की विशेष उपस्थिति में राष्ट्रपति कोविंद का स्वागत किया गया। 
     इसके बाद राष्ट्रपति को सलामी गारद प्रदान किया गया और उन्होंने इथोपिया के सांस्कृतिक संगीत कार्यक्रम का आनंद भी लिया। राष्ट्रपति कोविंद पिछले 45 वर्षों में इथोपिया का दौरा करने वाले भारत के पहले और अब तक इथोपिया का दौरा करने वाले तीसरे भारतीय राष्ट्रपति हैं।
      इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति वी.वी. गिरी ने वर्ष 1972 और राष्ट्रपति एस. राधाकृष्णन ने वर्ष 1965 में इथोपिया का दौरा किया था। राष्ट्रपति अदीस अबाबा में भारतीय समुदाय के स्वागत समारोह को संबोधित करेंगे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का इथोपिया दौरा 5 अक्टूबर, 2017 को भी जारी रहेगा।

Thursday, 28 September 2017

अफगानिस्तान के मुख्य कार्यकारी डॉ. अब्दुल्ला ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की

      नई दिल्ली। अफगानिस्तान के मुख्य कार्यकारी डॉ. अब्दुल्ला का भारत में स्वागत करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि भारत उन्हें एक नजदीकी दोस्त समझता है।

    हम अफगानिस्तान के कठिन परिस्थितियों में आपके द्वारा दी गई नि:स्वार्थ सरकार की प्रशंसा करते हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि भारत अफगानिस्तान को मात्र एक रणनीतिक साझेदार ही नहीं बल्कि एक ऐसा देश समझता है, जो हमारे हृदय के करीब है। 
        लोगों के आपसी संबंधों के जरिए भारत-अफगानिस्तान संबंध बेहद मजबूत हुए हैं। रवीन्द्रनाथ टैगोर की कहानी, ‘काबुलीवाला’ की प्रतिध्वनि प्रत्येक भारतीय के हृदय में सुनी जा सकती है। प्रत्येक भारतीय काबुल से आए किसी भी व्यक्ति पर पूरा भरोसा करता है। 
     राष्ट्रपति ने कहा कि इसी महीने भारत और अफगानिस्तान के मध्य एक विकास आधारित साझेदारी की घोषणा हुई है। दोनों ही पक्ष अफगानिस्तान के साजाजिक व आर्थिक विकास की परियोजनाओं में सहयोग कर रहे हैं। भारत अफगानिस्तान को हर संभव मदद जारी रखेगा। 
     राष्ट्रपति ने कहा कि भारत अफगान नेशनल डिफेंस और सिक्युरिटी फोर्सेज द्वारा आतंक के खिलाफ लड़ाई में उनके बलिदान के प्रति गहरा सम्मान रखता है। हम अफगानिस्तान में भारतीयों की सुरक्षा के लिए आपके ऋणी हैं। इसमें कोई संशय नहीं है कि अफगानिस्तान के लोग लंबे समय से पीड़ित रहे हैं। 
      आतंक के कारण पीढियां बर्बाद हो गई हैं। हम शांति के प्रति उनकी इच्छा से सहानुभूति रखते हैं। अफगानिस्तान के लोग शांति, स्थायित्व और समृद्धि चाहते हैं। हम उनके साथ खड़े हैं।

Tuesday, 26 September 2017

इंडोनेशिया भारत में व्यापार व निवेश बढाने पर सहमत

   नई दिल्ली। भारत और इंडोनेशिया के बीच दूसरी द्विवार्षिक व्यापार मंत्री स्तरीय बैठक नई दिल्ली में संपन्न हुई। बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व वाणिज्य और उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु और इंडोनेशिया का प्रतिनिधित्व व्यापार मंत्री इनगारिस्तो लुतिका ने किया। 

     बैठक में दोनो पक्ष व्यापार से जुडे मुद्दो, व्यापार सुगम करने और निवेश बढाने के लिए व्यापार और निवेश और व्यापार सुविधा और समाधान पर कार्यकारी दल की बैठक शीघ्र बुलाने पर सहमत हुए। ये कार्यकारी दल सेवाओ को सुगमता से लागू करने और दोनो देशो के बीच समान रूचि के विषयो जैसे मुद्दो पर भी विचार-विमर्श करेंगे। प्रभु और लुतिका फार्मा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े मुद्दो का समाधान करने के लिए नियामको की बैठक बुलाने पर भी सहमत हुए।
      बैठक के दौरान वाणिज्य और उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने बाजार तक पहुंच, फार्मा, स्वास्थ्य, दुग्ध उत्पाद और पशु मांस से जुडी नियामक बाधाओ जैसे मुद्दो को उठाया। इंडोनेशिया ने विचार विमर्श के बाद दुग्ध उत्पादो के पंजीकरण, वनस्पति पर आधारित ताजा खाद्य पदार्थ और मांस प्रसंस्करण सुविधाओ पर निगरानी दौरे पर सहमति व्यक्त की। 
      इसके साथ ही भारत में निर्मित स्वचालित और वाहन के उपकरणो के लिए बाजार तक पहुंच के साथ-साथ संयुक्त उपक्रम, वस्त्र उद्योग उपकरणो, वस्त्र पार्क और विशेष आर्थिक क्षेत्र में अधिक निवेश के अवसरो पर भी बातचीत हुई। दोनो मंत्री आर्थिक सहयोग और दिवपक्षीय भागीदारी को मजबूत करने के लिए सरकारी व्यापार और उद्यमियो आदि अंशधारको के बीच अधिक सहयोग बढाने पर सहमत हुए। 
     बैठक में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने इंडोनेशिया से भारत में निर्माण, भारत में निवेश और स्टार्ट अप इंडिया जैसी योजनाओ से मिले अवसरो का लाभ उठाने का अनुरोध किया।

Thursday, 21 September 2017

म्‍यांमार नौसेना के कमांडर-इन-चीफ एडमिरल तिन आंग सैन भारत में

     नई दिल्ली। म्‍यांमार नौसेना के कमांडर-इन-चीफ एडमिरल तिन आंग सैन वर्तमान समय में भारत के दौरे पर हैं।

    इस यात्रा का उद्देश्‍य भारत और म्‍यांमार के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को सुदृढ़ एवं व्‍यापक बनाना है। एडमिरल ने नई दिल्ली में अपने आगमन से पहले ही तय किये जा चुके कार्यक्रम के तहत मुंबई और कोच्चि स्थित विभिन्‍न नौसेना प्रतिष्‍ठानों का दौरा किया। श्री सैन नई दिल्‍ली में नौसेना प्रमुख, थल सेना प्रमुख और वायु सेना प्रमुख से भेंट करेंगे। 
       एडमिरल इसके अलावा नई दिल्‍ली में रक्षा मंत्रालय के विभिन्‍न गणमान्‍य व्‍यक्ति से विचार-विमर्श करेंगे। भारत और म्‍यांमार के बीच नौसेना क्षेत्र में सहयोग पारंपरिक रूप से काफी सुदृढ़ रह है जिनमें समन्‍वित मौखिक अभिव्यक्ति के जरिए परिचालनात्‍मक परिचर्चाएं, प्रशिक्षण, पोर्ट कॉल, क्षमता निर्माण के साथ मार्ग संबंधी अ‍भ्‍यास और क्षमता वृद्धि पहल शामिल हैं। 
     प्रधानमंत्री द्वारा सितम्‍बर 2017 के आरंभ में की गई म्‍यांमार यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच नौवहन सहयोग के क्षेत्र में तीन सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्‍ताक्षर किये गये थे। इसी तरह अगस्‍त 2017 में म्‍यांमार रक्षा बलों के कमांडर इन चीफ की हालिया यात्रा के कुछ ही समय बाद एडमिरल का यह दौरा हुआ है। यह यात्रा दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच बढ़ते सहयोग को दर्शाती है।